• तीनों विधानसभा क्षेत्रों में घर-गांव तक पहुंचेंगे जागरूकता वाहन
  • मतदाता खुद मशीन पर करेंगे अभ्यास मतदान

गोपेश्वर (चमोली)। आगामी विधानसभा चुनावकी तैयारियों के बीच निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से रूबरू कराने की कवायद तेज कर दी है। अब मतदाताओं को सिर्फ मतदान की अपील नहीं की जाएगी, बल्कि उन्हें ईवीएम का बटन दबाने से लेकर वीवीपैट में पर्ची देखने तक की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा। इसके लिए चमोली जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। मोबाइल प्रदर्शन वाहन गांवों, मोहल्लों और मतदान केंद्रों तक पहुंचकर लोगों को मतदान का तरीका समझाएंगे।

अभियान के तहत ईवीएम और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया जा रहा है। खास बात यह है कि मतदाता खुद भी मशीन पर अभ्यास मतदान कर सकेंगे। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारियों के मुख्यालयों पर प्रदर्शन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि ईवीएम और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच पूरी होने के बाद प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए 51 बैलेट यूनिट, 51 कंट्रोल यूनिट और 51 वीवीपैट मशीनें निर्धारित की गई हैं। इन मशीनों का चयन राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार किया गया है। मशीनों को अलग सुरक्षित भंडारगृह में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि तीनों विधानसभा क्षेत्रों में तैनात मोबाइल प्रदर्शन वाहन विभिन्न मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों और वार्डों तक पहुंचेंगे। अभियान के दौरान मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने और वीवीपैट के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा होने तक यह व्यावहारिक जागरूकता अभियान जारी रहेगा। इसके बाद ईवीएम और वीवीपैट से संबंधित जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी। अभियान की प्रगति, प्रदर्शन में शामिल लोगों और अभ्यास मतदान करने वाले मतदाताओं का विवरण साप्ताहिक एवं पाक्षिक आधार पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजा जाएगा। जिलाधिकारी ने मतदाताओं से अभियान में भागीदारी कर मतदान प्रक्रिया समझने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *