- निरंजनपुर आईटीआई में आयोजित समारोह में पांच संस्थानों के टॉपर्स सम्मानित, प्रशिक्षार्थियों को बाजार की मांग के अनुरूप कौशल अपडेट रखने की दी सीख
पांच आईटीआई के मेधावी प्रशिक्षार्थियों को मिला सम्मान
कार्यक्रम में आईटीआई कालसी, विकासनगर, महिला देहरादून, राजपुर रोड और निरंजनपुर के विभिन्न व्यवसायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉपर प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथियों ने मेधावी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र एवं मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य निरंजनपुर दिनकर रौंतेला ने अतिथियों का स्वागत किया।
कौशल को बाजार की मांग के अनुरूप अपडेट रखने की सीख
मुख्य अतिथि विधायक सविता कपूर ने प्रशिक्षार्थियों को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल और मेहनत युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संयुक्त निदेशक (प्रशिक्षण) पंकज कुमार ने भी सभी सफल प्रशिक्षार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने युवाओं को बदलते औद्योगिक परिवेश और बाजार की मांग के अनुरूप अपने तकनीकी कौशल को निरंतर अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता और नए कौशल सीखने की ललक युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर खोल सकती है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में बांधा समां
दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षार्थियों ने सरस्वती वंदना के साथ गढ़वाली, जौनसारी और गुजराती नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को विशेष रंग प्रदान किया और उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य अनुपमा भंडारी ने जताया आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन रविंद्र सिंह चौहान एवं अनीता नेगी ने किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य अनुपमा भंडारी ने अतिथियों, प्रशिक्षार्थियों, अभिभावकों एवं आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य महिला आईटीआई पल्लवी, कार्यदेशक रविंद्र रावत, शंभू प्रसाद भट्ट, सुभाष, सराफा अली, आशा भंडारी, अनुदेशक नीलम, ममता बहुगुणा, नमिता बहुगुणा, मीनाक्षी, विजयलक्ष्मी, रेनू, दिव्या, अंचला पुंडीर, पंकज, सोनू, जितेंद्र, दीपेंद्र, खजान, मितेंद्र सहित विभिन्न संस्थानों के कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
