कोटद्वार : डॉ. पी. द. ब. हि. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (UCOST), देहरादून के तत्वावधान में विज्ञान संकाय की प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं हेतु ‘She for STEM’ कार्यक्रम के अंतर्गत अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना तथा उन्हें नवाचार, कौशल विकास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम संयोजक प्रो. इन्दु तिवारी द्वारा अतिथियों एवं छात्राओं के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ किया गया। इस अवसर पर यूकोस्ट, देहरादून से पधारे भुवन जोशी एवं सौरभ जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में भुवन जोशी ने छात्राओं को ‘She for STEM’ कार्यक्रम के उद्देश्यों, पंजीकरण प्रक्रिया, विभिन्न चरणों एवं इससे मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को इस पहल से जुड़कर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपनी रुचि, प्रतिभा एवं क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने कार्यक्रम में सहभागिता की प्रक्रिया एवं इसके माध्यम से छात्राओं को मिलने वाले अवसरों के बारे में भी बताया।
द्वितीय सत्र में सौरभ जोशी ने ‘She for STEM’ कार्यक्रम के अंतर्गत Hands-on Training के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के महत्व से परिचित कराया। इसके पश्चात विशेषज्ञों ने छात्राओं की जिज्ञासाओं का रोचक एवं सरल ढंग से समाधान किया तथा पंजीकरण प्रक्रिया से संबंधित व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. डी. एस. नेगी ने अपने संदेश में कहा कि वर्तमान समय में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्राओं की भागीदारी को बढ़ावा देना अत्यंत महत्वपूर्ण है। ‘She for STEM’ जैसी पहल छात्राओं को अपनी वैज्ञानिक अभिरुचि पहचानने, नवाचार के प्रति प्रेरित होने तथा भविष्य में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त करने में सहायक सिद्ध होंगी। उन्होंने छात्राओं से ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित) के विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें अपने भविष्य के लिए बेहतर अवसरों का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के उपरांत छात्राओं द्वारा ‘She for STEM’ कार्यक्रम हेतु पंजीकरण भी कराया गया। छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया तथा इस पहल को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास की दिशा में उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रजनी चमोली ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागी छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
