- अधिकांश शिकायतों का मौके पर निस्तारण, लंबित मामलों पर अधिकारियों को फटकार; अनुपस्थित अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई और जिला आयुर्वेदिक अधिकारी पर कार्रवाई
पौड़ी। आमजन की समस्याओं के समाधान में लापरवाही और शिकायतों को लंबित रखने पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सख्त रुख अपनाया है। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, जनता दर्शन में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश भी जारी किए।
जल जीवन मिशन और आपदा मुआवजे के मामलों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में ग्राम रैदुल में जल जीवन मिशन के तहत निजी भूमि पर टैंक निर्माण के बावजूद मुआवजा नहीं मिलने और गौशाला में आपदा के कारण हुए भूस्खलन का मुआवजा लंबित होने की शिकायत सामने आई। जिलाधिकारी ने दोनों मामलों में तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
अपर चोपड़ा निवासी केदार सिंह गुसाईं ने बीमार गाय के उपचार की समस्या उठाई। इस पर डीएम ने पशु चिकित्सा विभाग को तत्काल चिकित्सक भेजकर गाय का उपचार कराने तथा मांग के अनुरूप चारा और उच्च गुणवत्ता का सीमन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट को तहसीलदार के माध्यम से मामले की स्थलीय जांच कराने को कहा।
आवारा पशुओं और सड़क पर मलबे की शिकायत पर लोनिवि को निर्देश
कल्जीखाल बाजार में सामाजिक कार्यकर्ता जगमोहन डांगी ने आवारा पशुओं और सड़क पर मलबा आने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम निधियों, वन भूमि हस्तांतरण, छात्रवृत्ति, क्षतिग्रस्त पुश्तों और सोलर लाइट से जुड़े मामलों पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पेयजल आपूर्ति, वाल्वमैन के मानदेय और किसान सम्मान निधि के प्रकरणों को भी प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा गया।
पेयजल से लेकर सड़क तक की शिकायतों का हुआ समाधान
जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की। इस दौरान बताया गया कि ग्राम पंचायत कोटी, विकासखंड खिर्सू की प्रधान करिश्मा देवी की पेयजल समस्या संबंधी शिकायत का समाधान कर दिया गया है। जल संस्थान ने संबंधित पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर प्रभावित गांवों में जलापूर्ति सुचारू कर दी है।
समाज कल्याण योजनाएं अनुश्रवण समिति के पूर्व उपाध्यक्ष मातवर सिंह नेगी की कंडोलिया थीम पार्क में वर्षा जल निकासी संबंधी शिकायत भी निस्तारित कर दी गई है। लोक निर्माण विभाग ने विभागीय आवासीय भवनों के बीच स्थित नाली के माध्यम से वर्षा जल निकासी की व्यवस्था पूरी कर दी है।
दोमटखाल सड़क के क्षतिग्रस्त स्कपरों की मरम्मत
राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल की विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष की सड़क संबंधी शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने मोटर मार्ग के क्षतिग्रस्त स्कपरों का निर्माण और मरम्मत कराई। साथ ही मार्ग से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है। मार्ग के डामरीकरण एवं पक्कीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भी भेजा गया है।
वहीं, ग्राम सिरसू, पोस्ट फतेहपुर, दुगड्डा निवासी त्रिलोक सिंह पुत्र माधो सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से जुड़ी शिकायत पर कृषि विभाग ने तत्काल संपर्क कर उनकी ई-केवाईसी पूरी कराने की प्रक्रिया संपन्न कराई, जिससे समस्या का समाधान हो गया।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बीस सूत्री कार्यक्रम की भी समीक्षा
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और बीस सूत्री कार्यक्रम की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीओ तपेश कुमार चंद, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, जल संस्थान के टी.एस. रावत, जल निगम के नवनीत कटारिया, ग्रामीण निर्माण विभाग के लक्ष्मी प्रसाद भट्ट, विद्युत विभाग के अभिनव रावत, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एसडीओ वन आयशा बिष्ट, एआरटीओ एन.के. ओझा, ईओ नगर पालिका संजय कुमार, सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना, एलडीएम किशन रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
