• शीतकालीन पूजा स्थलों पर प्रतिष्ठापित हुईं देव डोलियां
  • बदरीनाथ धाम की यात्रा का भी हुआ समापन

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद मंगलवार को भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियां पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान मंदिर पहुंच गईं। वहीं भगवान गरुड़ की डोली और आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर में विराजमान हो गई। इसी के साथ बदरीनाथ धाम की शीतकालीन पूजा व्यवस्था शुरू हो गई है।

मंगलवार सुबह बदरीनाथ धाम से रावल अमरनाथ नंबूदरी के नेतृत्व में भगवान उद्धव, कुबेर और गरुड़ की उत्सव डोलियों के साथ शंकराचार्य की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। पांडुकेश्वर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर देव डोलियों और शंकराचार्य की गद्दी का स्वागत किया। इसके बाद भगवान उद्धव और कुबेर की उत्सव डोलियों को विधिवत पूजा-अर्चना के बाद योगध्यान मंदिर में प्रतिष्ठापित किया गया।

इसके पश्चात भगवान गरुड़ की उत्सव डोली और शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ के लिए रवाना हुई। नृसिंह मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। यहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवान गरुड़ और शंकराचार्य की गद्दी को प्रतिष्ठापित किया गया।

अब शीतकाल में भगवान उद्धव और कुबेर की पूजा योगध्यान मंदिर पांडुकेश्वर में होगी, जबकि भगवान गरुड़ और शंकराचार्य की गद्दी की पूजा नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में संपन्न होगी। भगवान कुबेर मकर संक्रांति तक योगध्यान मंदिर में विराजमान रहेंगे। इसके बाद उन्हें पांडुकेश्वर स्थित कुबेर मंदिर में प्रतिष्ठापित किया जाएगा।

ज्योतिर्मठ में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष बिजेंद्र बिष्ट सहित स्थानीय लोगों ने देव डोलियों और शंकराचार्य की गद्दी की अगवानी की। इस दौरान रावल अमरनाथ नंबूदरी का भी स्वागत किया गया। बुधवार को नृसिंह मंदिर में विशाल भंडारे और महोत्सव का आयोजन होगा। इसके लिए मंदिर को 17 कुंतल फूलों से सजाया गया है। देव डोलियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों पर पहुंचने के साथ ही बदरीनाथ धाम की यात्रा का समापन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *