• टंगसा इंटर कॉलेज में छात्रों को दी यातायात नियमों की जानकारी

गोपेश्वर (चमोली)। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए चमोली पुलिस ने दोहरी पहल की है। पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज टंगसा में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सड़क सुरक्षा का पाठ पढ़ाया, वहीं गोपेश्वर नगर क्षेत्र में दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठकर सफर करने वाले पिलियन राइडर्स को भी हेलमेट पहनने के लिए जागरूक किया।

टंगसा इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक दिगंबर उनियाल ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, निर्धारित गति सीमा का पालन करना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करना बेहद जरूरी है। उन्होंने नाबालिगों को वाहन न चलाने देने और ओवरलोडिंग से बचने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है। सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी किसी परिवार के लिए जिंदगीभर का दुख बन सकती है। इस दौरान यातायात नियमों से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए।

पीछे बैठने वाले को भी पहनना होगा हेलमेट

गोपेश्वर नगर क्षेत्र में यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों के साथ पीछे बैठकर सफर करने वाले लोगों को भी हेलमेट की अनिवार्यता के प्रति जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पिलियन राइडर के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। अक्सर चालक हेलमेट पहनते हैं, लेकिन पीछे बैठा व्यक्ति बिना हेलमेट के सफर करता है। दुर्घटना होने पर यह लापरवाही गंभीर चोट का कारण बन सकती है। पुलिस ने वाहन चालकों और पिलियन राइडर्स को जागरूकता पंपलेट वितरित कर सुरक्षित सफर की अपील की। स्पष्ट किया कि भविष्य में चालक अथवा पीछे बैठने वाले व्यक्ति के हेलमेट नहीं पहनने पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों को अपनी आदत में शामिल करने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *