गोपेश्वर (चमोली)। कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेश के पांच प्रमुख धार्मिक स्थलों से न्याय यात्रा शुरू कर राज्य सरकार को विभिन्न जनमुद्दों पर घेरा। बदरीनाथ धाम पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण, केदारनाथ सोना प्रकरण और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी शिकायतों का उल्लेख करते हुए इन मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

बदरीनाथ धाम पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए। इसके बाद पिछले दस दिनों से मांगों को लेकर धरना और क्रमिक अनशन कर रहे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन दिया। गोदियाल ने कहा कि कर्मचारियों को मंदिर समिति के पूर्व में पारित प्रस्तावों और संबंधित नियमों के आधार पर अपनी मांगें उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ उपचुनाव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से कर्मचारियों के मामले में की गई घोषणा के संबंध में भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।

बदरीनाथ धाम में गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, रोजगार और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। अंकिता भंडारी प्रकरण का उल्लेख करते हुए उन्होंने मामले में कथित वीआईपी की भूमिका और उससे जुड़े सवालों पर जवाबदेही की मांग की। उन्होंने सरकारी जमीनों और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सरकार से स्पष्टीकरण मांगा।

केदारनाथ सोना प्रकरण और बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से संबंधित शिकायतों का जिक्र करते हुए गोदियाल ने कहा कि धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों में तथ्यों को स्पष्ट किया जाना चाहिए और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश के प्रमुख जनमुद्दों को जनता के बीच उठाएगी और सरकार से उनका जवाब मांगेगी।

बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर लोगों की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी प्रकरण, भर्ती परीक्षाओं और वन्यजीवों से जुड़ी समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने सरकार के पिछले दस वर्षों के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए।

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व प्रमुख जोशीमठ प्रकाश रावत, ज्योतिर्मठ ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, थराली नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, सतीश डिमरी, विक्रम फरस्वाण, मिथलेश, बलदेव मेहता, माणा के प्रधान पीताम्बर मोल्फा, निश्चय मेहता, देव सिंह परमार, रघुवीर सिंह परमार, राजेंद्र सिंह मोल्फा, गायत्री देवी, भुवनेश्वरी देवी, रुक्मणी देवी समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

माणा की महिलाओं के साथ निकाली रैली

कांग्रेस नेताओं ने बदरीनाथ मंदिर के सिंहद्वार पर माणा गांव की महिलाओं और ग्रामीणों के साथ भगवान बद्री विशाल के जयकारे लगाए। इसके बाद भजन गाते हुए मंदिर से प्लाजा तक रैली निकाली गई। रैली में माणा गांव के ग्रामीणों ने भी भागीदारी की।

पांच धार्मिक स्थलों से यात्रा की शुरुआत

कांग्रेस ने कुमाऊं में अल्मोड़ा के गोल्ज्यू मंदिर, गढ़वाल में बदरीनाथ धाम, देहरादून में टपकेश्वर मंदिर, टिहरी में सेम मुखेम मंदिर और हरिद्वार में हरकी पैड़ी से न्याय यात्रा शुरू की। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि यात्रा के दौरान अंकिता भंडारी प्रकरण, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, बेरोजगारी, जंगली जानवरों से किसानों को हो रही परेशानी और धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों को उठाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *