गोपेश्वर (चमोली)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एकल अभियान की बहनों ने भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के हिमवीर जवानों के साथ रक्षाबंधन मनाया। इस दौरान बहनों ने सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि रक्षा, विश्वास, त्याग और राष्ट्रभक्ति का भी प्रतीक है। जब देशवासी अपने परिवारों के साथ त्योहार मनाते हैं, उस समय आईटीबीपी के जवान विषम भौगोलिक परिस्थितियों में सीमाओं की सुरक्षा में डटे रहते हैं। हिमालय की ऊंची चोटियों, बर्फीले क्षेत्रों और कड़ाके की ठंड में जवानों का साहस और त्याग पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है।

एकल विद्यालय की बहनों ने कहा कि सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवान पूरे राष्ट्र के भाई हैं। उन्होंने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने और देशहित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस दौरान परिसर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंज उठा। आईटीबीपी जवानों ने भी बहनों के इस आत्मीय सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर एकल अभियान गोपेश्वर अंचल प्रभारी अतुल शाह, बंड विकास संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, आईटीबीपी के इंस्पेक्टर चिरंजीव, मोहन सिंह, वेद प्रकाश, रमेश चंद डिमरी, लक्ष्मण सिंह, रमेश सिंह, दिलावर समेत अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे। एकल अभियान की संभाग महिला प्रमुख दया पांडा, गोपेश्वर अंचल प्रभारी रश्मि नेगी, महिला सचिव नीरजा पंवार, अमीषा, अनूप सहित तपोवन संच की आचार्य बहनें भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *