• देहरादून में आयोजित प्रतियोगिता में नंदिनी तोमर, आरोही मलासी और वैभवी ममगाईं ने अंडर-15 बालिका टीम इवेंट में हासिल किया तीसरा स्थान, पौड़ी जिले के खाते में आए तीन कांस्य पदक

कोटद्वार। 27वें उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में कोटद्वार के एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और पौड़ी जिले का नाम रोशन किया। तीन से पांच नवंबर 2026 तक आयोजित इस प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 10 जिलों के 262 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबलों के बीच एमकेवीएन की छात्राओं नंदिनी तोमर, आरोही मलासी और वैभवी ममगाईं ने अंडर-15 बालिका टीम इवेंट में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

पौड़ी जिले ने तीन कांस्य पदक जीतकर हासिल की तीन ट्रॉफियां

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पौड़ी जिले के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कुल तीन कांस्य पदक हासिल किए। इनमें अंडर-15 बालिका टीम इवेंट में एमकेवीएन इंटरनेशनल स्कूल की नंदिनी तोमर, आरोही मलासी और वैभवी ममगाईं ने पदक जीता। वहीं अंडर-17 बालिका टीम इवेंट में आन्या रावत, वैभवी ममगाईं और अंशिका की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा मेंस ओपन टीम इवेंट में पौड़ी जिले की टीम ने भी तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया।

विद्यालय पहुंचने पर विजेता छात्राओं का भव्य स्वागत

प्रतियोगिता में सफलता हासिल कर विद्यालय पहुंचीं छात्राओं का स्कूल परिसर में उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य ज्योति कुलाश्री और शिक्षकों ने फूल-मालाओं एवं तालियों के साथ छात्राओं का अभिनंदन किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल रहा।

प्रबंधक और कार्यकारी निदेशक ने दी बधाई

विद्यालय के प्रबंधक प्रकाश चंद्र कोठारी ने छात्राओं को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ‘भारतीय’ ने भी छात्राओं के खेल कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि एमकेवीएन के विद्यार्थी शिक्षा के साथ खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने छात्राओं को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य ज्योति कुलाश्री एवं समस्त शिक्षकगण ने भी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। छात्राओं की यह उपलब्धि विद्यालय के साथ पूरे पौड़ी जिले के लिए गौरव का विषय है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *