भूकंप, भूस्खलन और अग्निकांड से निपटने का दिया प्रशिक्षण
28 नवंबर तक चलेगा जागरूकता अभियान
गोपेश्वर (चमोली)। आपदा के दौरान जान-माल के नुकसान को कम करने और सुरक्षित बचाव के तरीकों की जानकारी देने के लिए चमोली में स्कूल-कॉलेजों में मॉक ड्रिल कराई जा रही है। एसडीआरएफ, अग्निशमन विभाग और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से चल रहे इस अभियान में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अभियान 28 नवंबर तक चलेगा।
आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटने, बाढ़, वनाग्नि और अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव के तरीके बताए जा रहे हैं। भूकंप के दौरान ड्रॉप, कवर और होल्ड की प्रक्रिया अपनाने, सुरक्षित स्थानों की पहचान करने और आपातकालीन निकासी मार्गों की जानकारी दी जा रही है।
अग्निशमन विभाग के कार्मिक आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और अग्निशमन उपकरणों के सही इस्तेमाल का प्रशिक्षण दे रहे हैं। विद्युत शॉर्ट सर्किट और गैस सिलेंडर में आग लगने जैसी परिस्थितियों में बचाव के उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया जा रहा है।
मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति की परिकल्पना कर विद्यार्थियों और शिक्षकों को कक्षाओं से सुरक्षित बाहर निकलने तथा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर एकत्रित होने का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही विद्यालयों में उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्थाओं और निकासी मार्गों की जानकारी भी दी जा रही है।
प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय संयम और अनुशासन बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने तथा प्रशासन और बचाव दलों के निर्देशों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
