रुद्रप्रयाग/चमोली। भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव के जनपद भ्रमण के दौरान रुद्रप्रयाग, गौचर, कर्णप्रयाग एवं नंदानगर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ उनका भव्य एवं अभूतपूर्व स्वागत किया।

चमोली जनपद के संगठनात्मक इतिहास में यह पहला अवसर है जब भाजपा ने जमीनी स्तर से जुड़ी एक महिला कार्यकर्ता को प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण दायित्व से नवाजा है। इस उपलब्धि से पूरे सीमांत क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

स्वागत समारोह के दौरान हिमानी वैष्णव ने भाजपा संगठन एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक साधारण महिला कार्यकर्ता पर भरोसा जताया जाना भाजपा की अंत्योदय नीति और संगठनात्मक लोकतंत्र का सशक्त उदाहरण है।

उन्होंने संकल्प लिया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को और अधिक मजबूत करेंगी तथा सीमांत क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को मजबूती से सरकार के समक्ष उठाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और विश्वास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *