चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को जनपद चम्पावत स्थित पावन माता रणकोची मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग कर क्षेत्रीय जनता से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।

मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल” के अंतर्गत जनपद चम्पावत के ऐतिहासिक मंदिरों के पुजारियों को “कला, परंपरा और पहचान” किट वितरित की। इस किट में वाद्य यंत्र, धार्मिक पुस्तकें, पूजा सामग्री एवं अन्य सांस्कृतिक सामग्री शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल नशामुक्त भारत और नशामुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

मुख्यमंत्री  ने माता रणकोची मंदिर परिसर से जनपद चम्पावत के लिए कुल 170.15 करोड़ रुपए की लागत की 20 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 33.95 करोड़ की लागत की नौ योजनाओं का लोकार्पण तथा 136.20 करोड़ की लागत की 11 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र एवं सहायता सामग्री भी वितरित की गई।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने चम्पावत जनपद के विकास के लिए सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें सीम, खेत, चूका एवं सौराई क्षेत्रों में बाढ़ सुरक्षा कार्य, तल्लादेश क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का सौंदर्यीकरण, पूर्णागिरि मेला-2026 के सुचारु संचालन हेतु ₹2.5 करोड़ की धनराशि, विधानसभा चम्पावत के मंचकारी मोटर मार्ग तथा रमैला-गागरी-दमतोला मोटर मार्ग का डामरीकरण, जिला चिकित्सालय चम्पावत की निर्माणाधीन क्रिटिकल यूनिट में लिफ्ट सहित चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार, ग्रामसभा नीड में आयुष्मान आरोग्य मंदिर (एएनएम उपकेंद्र) की स्थापना तथा चम्पावत में इंटीग्रेटेड सैनिक कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु 15 नाली भूमि उपलब्ध कराए जाने की घोषणा शामिल है।

जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत आस्था, संस्कृति और इतिहास से समृद्ध भूमि है, जहां आस्था केवल पूजा का माध्यम नहीं बल्कि जीवन को दिशा देने वाली चेतना है। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य की वास्तविक शक्ति उसकी संस्कृति में निहित होती है और माता रणकोची मंदिर का विकास केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण का सशक्त प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का मूल मंत्र “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” है। न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से बड़ी संख्या में जनसमस्याओं का समाधान हुआ है और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आस्था, संस्कृति, संवाद और विकास के समन्वित प्रयास से चम्पावत आने वाले वर्षों में उत्तराखण्ड का एक आदर्श, सशक्त और आत्मनिर्भर जनपद बनेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, नगर पालिका अध्यक्ष टनकपुर विपिन वर्मा, नगर पंचायत बनबसा अध्यक्ष रेखा देवी, क्षेत्र पंचायत प्रमुख चम्पावत अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष चम्पावत प्रेमा पाण्डेय, प्रदेश मंत्री भाजपा निर्मल माहरा, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दीपक रजवार, जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ रेखा यादव, सूरज प्रहरी, शंकर पांडे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *