गोपेश्वर (चमोली)। विश्व प्राकृतिक धरोहर का दर्जा प्राप्त फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटन सीजन की शुरुआत उत्साहजनक रही है। एक जून को घाटी के कपाट खुलने के बाद मात्र 17 दिनों में 3628 पर्यटक यहां पहुंच चुके है। जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग दोगुना है।

भ्यूंडार घाटी में स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी इन दिनों रंग-बिरंगे हिमालयी पुष्पों और मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य से सजी हुई है। सुहावने मौसम के बीच देश-विदेश से पहुंच रहे प्रकृति प्रेमी घाटी की अनुपम छटा का आनंद ले रहे हैं।

वैली ऑफ फ्लावर्स की रेंज अधिकारी चेतना कांडपाल ने बताया कि एक जून से 17 जून तक 3610 भारतीय और 18 विदेशी पर्यटकों सहित कुल 3628 सैलानियों ने घाटी का भ्रमण किया। इस दौरान पार्क को 6 लाख 4 हजार 150 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1961 भारतीय और 20 विदेशी पर्यटकों समेत 1981 पर्यटक घाटी पहुंचे थे। इससे 3 लाख 83 हजार 950 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस वर्ष पर्यटकों की संख्या के साथ-साथ राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि मौसम अनुकूल रहने पर इस वर्ष फूलों की घाटी में पर्यटकों की संख्या नए रिकॉर्ड बना सकती है। इससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *