हरिद्वार, 23 जून। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने कहा कि लगातार प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने के विरोध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर पूरे जनपद में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए बालेश्वर सिंह ने कहा कि एक महीने तक चलने वाले अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक युवाओं से संवाद कर जागरूक करेंगे।

उन्होंने कहा कि लगातार लीक हो रहे पेपर लीक के मामलों पर सरकार प्रभावी अंकुश नहीं लगा पा रही है। पेपर लीक की वजह से वर्षो तक परीक्षा की तैयारी करने वाले युवा हताश हो रहे हैं। मेहनत पर पानी फिरने से निराश युवा आत्महत्या जैसे कदम उठा रहे हैं। जोकि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। पेपर लीक रोकने में नकल विरोधी कानून भी पूरी तरह नाकाम साबित हो रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश में असिस्टंेट प्रोफेसर की भर्ती परीक्षा रद्द होने से एक बार फिर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने कहा कि सिस्टम से लड़ रहे राहुल गांधी युवाओं की उम्मीद बने हुए हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश का भविष्य है। लेकिन तमाम प्रतियोगी और भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजारीकरण का शिकार हो चुकी शिक्षा पर माफियाओं का कब्जा हो गया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी एवं मनोज सैनी ने कहा कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या घट रही है। जो बड़े खतरे का संकेत है। उन्होंने कहा कि सरकार एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग की आरक्षण व्यवस्था पर आघात कर रही है। जिसके खिलाफ कांग्रेस ने आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। प्रैसवार्ता में सुनीता सिंह, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान, सत्यपाल शास्त्री, मोहन राणा, तीर्थपाल रवि, अशोक धींगान, यशवंत सैनी आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *