गोपेश्वर (चमोली)। सेवा, सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़ा के तहत खेल विभाग की ओर से स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर से घिघंराण मोटर मार्ग पर चिह्नित स्थानों तक जनपदीय क्रॉस कंट्री दौड़ का आयोजन किया गया।

क्राॅस कंट्री दौड प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग की 3 किमी दौड़ में अनमोल बिष्ट प्रथम, कृष्णात रावत द्वितीय और अंशुल पुरोहित तृतीय रहे। अंडर-17 बालक वर्ग की 5 किमी दौड़ में कनिष्क ठाकुर ने पहला, आयुष फरस्वाण ने दूसरा और मोहित सिंह बिष्ट ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-21 बालक वर्ग की 7 किमी दौड़ में अंकित प्रथम, कमला राम द्वितीय तथा विनय फरस्वाण तृतीय रहे। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की 3 किमी दौड़ में अजीत सिंह ने पहला, सुरेश बिष्ट ने दूसरा और कुलदीप ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

बालिका वर्ग में अंडर-14 की 3 किमी दौड़ में प्रियांशी प्रथम, कामिनी द्वितीय और रिया नेगी तृतीय रहीं। अंडर-19 की 5 किमी दौड़ में दीया ने प्रथम, निशा ने द्वितीय तथा रोशनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर संदीप सिंह रावत एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी धीरेन्द्र नाथ द्विवेदी ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता के विजेताओं को वरिष्ठ खिलाड़ी एवं अधिवक्ता हेम पुजारी, जिला वॉलीबॉल संघ अध्यक्ष अशोक रावत तथा जिला बैडमिंटन संघ अध्यक्ष हेमंत दरमोड़ा ने पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने युवाओं से खेलों को अपनाकर स्वस्थ जीवन और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया। प्रभारी जिला क्रीड़ाधिकारी मोहित सिंह ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी विभागों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *