गोपेश्वर (चमोली)। मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने से हुए हादसे के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान चलता रहा। टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश जारी है। हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब तीन किलोमीटर है। गुरुवार शाम टनल के करीब 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण अचानक मलबा और पानी भर गया। इसके चलते टनल में काम कर रहे लोग अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी और अन्य राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं। रातभर चले अभियान में 19 लोगों को बाहर निकाला गया। बचाव कार्य में सहयोग के लिए टनल के भीतर गए छह बचावकर्मी भी सुरक्षित हैं।

रेस्क्यू किए गए घायलों को जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घायलों की लगातार निगरानी कर रही हैं। टनल के अंदर मलबा और पानी होने के कारण रेस्क्यू अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और तकनीकी विशेषज्ञों की टीमें समन्वय के साथ तीनों लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों को शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की प्राथमिकता अब टनल में फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। बचाव अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *