- विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने नई बिल्डिंग के निर्माण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से हुई वार्ता की दी जानकारी
कोटद्वार। केंद्रीय विद्यालय किशनपुर, कोटद्वार में विद्यार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब की ओर से सीएसआर के माध्यम से स्थापित मेडिकल रूम का शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने विधिवत उद्घाटन किया। मेडिकल रूम में विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे आवश्यकता पड़ने पर बच्चों को विद्यालय परिसर में ही तत्काल चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
उद्घाटन के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन से विद्यार्थियों से जुड़ी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाना जरूरी है। मेडिकल रूम की सुविधा विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी और आकस्मिक स्थिति में उन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत बच्चों को वितरित किए तिरंगे
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने हर घर तिरंगा अभियान के तहत विद्यालय के सभी बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए। उन्होंने विद्यार्थियों को तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना के साथ अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बच्चों में राष्ट्रप्रेम और जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
नई भवन के निर्माण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से हुई वार्ता
विधानसभा अध्यक्ष ने केंद्रीय विद्यालय किशनपुर के नए भवन निर्माण को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के साथ हुई पूर्व वार्ता की जानकारी भी क्षेत्रवासियों से साझा की। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय की नई बिल्डिंग के निर्माण सहित विद्यालय की अन्य आवश्यकताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इस दिशा में हुई प्रगति से क्षेत्रवासियों को भी अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय किशनपुर में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। विद्यालय की आवश्यकताओं के समाधान और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सीएसआर के माध्यम से विद्यालय में मेडिकल रूम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं और निजी क्षेत्र की ऐसी पहलें शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्या मनीषा मखीजा, अजय उनियाल, पार्षद जे.पी. बहुखंडी, राजीव डबराल, प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, सुदर्शन नेगी, अनिल गौड़, राजू नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
