देहरादून। चकराता क्षेत्र में सहिया से पहले लालपुल के पास शनिवार सुबह एक कार करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा।

डायल-112 के माध्यम से एसडीआरएफ को सूचना मिली थी कि लालपुल के पास एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है और उसमें कुछ लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर टीम को टाटा टियागो कार संख्या DL9C 8092 सड़क से करीब 35 मीटर नीचे खाई में मिली। कार में तीन पुरुष और दो महिलाएं समेत पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि तीन को सामान्य चोटें आईं।

एसडीआरएफ ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम खाई में उतरकर घायलों तक पहुंची और सभी पांचों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घायलों में रोहन कुमार (23) निवासी नई दिल्ली, अभिषेक दुबे (26) निवासी रोहिणी दिल्ली, अभिषेक (26) निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश, शिवानी सिंह (22) और प्रिन्स राज (22) दोनों निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *