देहरादून : जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) अल्मोड़ा के चुनाव के साथ ही उत्तराखण्ड के सभी 10 जिला सहकारी बैंकों में भाजपा का बोर्ड बन गया है। शनिवार को अल्मोड़ा डीसीबी के चुनाव में मिली लटवाल को अध्यक्ष और भावना जोशी को उपाध्यक्ष चुना गया। खास बात यह रही कि प्रदेश के सभी डीसीबी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निदेशकों का चुनाव निर्विरोध हुआ है।

उत्तराखण्ड में छह जिला सहकारी बैंक गढ़वाल मंडल और चार कुमाऊं मंडल में हैं। इनमें से नौ डीसीबी के चुनाव पहले ही पूरे हो चुके थे। अल्मोड़ा डीसीबी का चुनाव बाकी था, जो शनिवार को संपन्न होने के बाद सभी 10 बैंकों में बोर्ड का गठन पूरा हो गया।

 

तीन डीसीबी में महिलाओं को मिली अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी

सहकारी संस्थाओं के चुनाव में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया है। इसी व्यवस्था के तहत प्रदेश के 10 जिला सहकारी बैंकों में तीन में महिलाओं ने जीत दर्ज की है। इसे सहकारिता क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

चुनाव के दौरान शीर्ष सहकारी संस्थाओं के लिए भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का भी चयन किया गया।

 

धन सिंह रावत ने दी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी जिला सहकारी बैंकों में भाजपा का बोर्ड बनने पर नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और निदेशकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निर्विरोध चुनाव आपसी विश्वास, समन्वय और संगठन की एकजुटता को दर्शाता है।

मंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से सहकारी संस्थाओं के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी ढंग से काम करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *