• मसूरी-लैंढौर में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं अभिनेता
  • फिल्म नीति और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों पर हुई बात

देहरादून। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात में उत्तराखंड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्मों की शूटिंग की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के चलते फिल्म निर्माताओं की पसंद बन रहा है। बड़े फिल्म प्रोजेक्टों की शूटिंग से प्रदेश की पहचान प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत हो रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम से शूटिंग की अनुमति और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियां बढ़ाने के साथ स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है। इससे पर्यटन, होटल, परिवहन और अन्य स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *