• एसएसपी सर्वेश पंवार ने किया 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय राइफल, रिवॉल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ; 120 से अधिक प्रतिभागी लेंगे हिस्सा

श्रीनगर (पौड़ी)। उत्तराखण्ड पुलिस के जवान अब निशानेबाजी में अपना दम दिखाएंगे। पौड़ी जनपद के श्रीनगर स्थित एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में शुक्रवार को उत्तराखण्ड पुलिस की 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी राइफल, रिवॉल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए प्रतिभागियों को अनुशासन, खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन के साथ मुकाबले में उतरने के लिए प्रेरित किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

12 टीमों के 120 से अधिक प्रतिभागी दिखाएंगे निशानेबाजी का कौशल

प्रतियोगिता में जनपदीय पुलिस की सात, पीएसी एवं अन्य वाहिनियों की तीन तथा आईआरबी की दो टीमों सहित कुल 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें 120 से अधिक पुलिसकर्मी अपनी निशानेबाजी, सटीक लक्ष्यभेदन क्षमता और शस्त्र संचालन कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों की दक्षता परखी जाएगी।

राइफल से 100 से 300 मीटर तक साधेंगे निशाना

प्रतियोगिता में राइफल शूटिंग के तहत 100, 200 और 300 मीटर की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। वहीं, पिस्टल शूटिंग में 15, 25, 30 और 50 मीटर की दूरी पर लक्ष्य साधने की चुनौती होगी। इन स्पर्धाओं के माध्यम से पुलिसकर्मियों की निशानेबाजी में सटीकता, एकाग्रता और तकनीकी दक्षता का आकलन किया जाएगा।

शस्त्र संचालन में दक्षता पुलिस बल की अहम जरूरत : एसएसपी

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी सर्वेश पंवार ने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र संचालन में दक्षता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन्हीं उद्देश्यों को पूरा करने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।

उन्होंने प्रतिभागियों से आगामी तीन दिनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और निशानेबाजी में अपने कौशल का परिचय देने का आह्वान किया। साथ ही विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों से पहुंचे टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया और प्रतियोगिता में शामिल अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों तथा पत्रकारों का स्वागत किया।

खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में उतरने की शपथ

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों ने सलामी दी और खेल भावना, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की शपथ ली। प्रतियोगिता का समापन 24 अक्टूबर 2026 को होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *