• आंदोलन स्थल पर पहुंचे जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी समेत कई पदाधिकारी
  • बोले अब आश्वासन नहीं, धरातल पर चाहिए सड़क

गोपेश्वर (चमोली)। मोहनखाल-किणझाणी-चोपता (तुंगनाथ) मोटर मार्ग निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल में क्षेत्रीय जनता का आंदोलन 84वें दिन भी जारी रहा। वर्षों पुरानी सड़क की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को अब उत्तराखंड क्रांति दल ने भी समर्थन दिया है। उक्रांद नेताओं ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों के संघर्ष में साथ देने का भरोसा दिलाया और सड़क निर्माण के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।

उक्रांद के जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी, केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण, केदारनाथ विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. आशुतोष भंडारी, महिला जिलाध्यक्ष राजेश्वरी देवी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग को जायज बताते हुए अपना समर्थन व्यक्त किया। उक्रांद नेताओं ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से सड़क सुविधा की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी मांग धरातल पर पूरी नहीं हो पाई है। सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र के लोगों को आवागमन के साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों और अन्य कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सड़क बनने से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र के विकास और पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिल सकेगी। कहा कि केवल आश्वासन देने से क्षेत्र की समस्या का समाधान नहीं होगा। सरकार और संबंधित विभाग को सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से संघर्ष को एकजुट होकर आगे बढ़ाने और जरूरत पड़ने पर सड़क निर्माण की दिशा में स्वयं पहल करने का भी आह्वान किया। आंदोलनकारियों ने भी स्पष्ट किया कि जब तक मोटर मार्ग निर्माण को लेकर धरातल पर ठोस कार्रवाई शुरू नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस दौरान लक्ष्मी देवी, अंजू पंवार, दर्शनी देवी, सुबोध बिष्ट, पंकज पुरोहित, भरत कुंवर समेत उक्रांद कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *