• संवेदनशील क्षेत्रों में दिन-रात गश्त
  • ट्रैप कैमरों से होगी भालू की गतिविधियों की निगरानी

गोपेश्वर (चमोली)। पोखरी क्षेत्र में भालू की सक्रियता को देखते हुए ग्रामीणों की सुरक्षा वन विभाग के लिए चुनौती बन गई है। क्षेत्र में भालू की आवाजाही की आशंका को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी अभियान तेज कर दिया है। संवेदनशील स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं, जबकि वनकर्मियों की टीमें लगातार गांवों और जंगल से सटे इलाकों में गश्त कर रही हैं। विभाग की ओर से भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही ग्रामीणों को सतर्क रहने और एहतियाती उपाय अपनाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

पोखरी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में भालू की सक्रियता को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है। पहाड़ी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ग्रामीणों की आवाजाही अधिक रहती है। इस दौरान महिलाएं घास और लकड़ी के लिए जंगल जाती हैं, जबकि ग्रामीण अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल और आसपास के क्षेत्रों में ले जाते हैं। ऐसे में भालू की मौजूदगी लोगों के लिए खतरा बन सकती है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीण चिंतित हैं।

स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ ही तकनीकी निगरानी का सहारा लिया है। भालू की संभावित आवाजाही वाले स्थानों पर ट्रैप कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इन कैमरों के माध्यम से भालू के आने-जाने के रास्तों, सक्रियता के समय और उसके विचरण क्षेत्र की जानकारी जुटाई जाएगी। कैमरों से मिलने वाले फुटेज के आधार पर वन विभाग संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर आगे की सुरक्षा रणनीति तैयार कर सकेगा। इससे वनकर्मियों को गश्त के लिए महत्वपूर्ण स्थानों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।

वनक्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं के नेतृत्व में वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। टीम में वन दरोगा दीपक सिंह नेगी, दिगंबर सिंह बिष्ट, ऋषिकांत, हरीश चैहान और प्रीति शामिल हैं। वनकर्मी गांवों के आसपास, जंगल से जुड़े पैदल रास्तों और संभावित विचरण स्थलों पर गश्त कर रहे हैं। ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें भालू की मौजूदगी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया जा रहा है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सुबह और शाम के समय विशेष सतर्कता बरतें। जंगल में अकेले जाने से बचें और जरूरी होने पर समूह में ही आवाजाही करें। बच्चों को अकेले बाहर न भेजें तथा मवेशियों को चराने के लिए जंगल ले जाते समय आसपास के वातावरण पर नजर रखें। झाड़ियों और घने जंगल वाले रास्तों पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। यदि कहीं भालू दिखाई देता है तो उसके पास जाने, उसे घेरने, छेड़ने या भगाने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखते हुए तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

वन विभाग की ओर से ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गश्त और निगरानी अभियान जारी रखा गया है। ट्रैप कैमरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर भालू की गतिविधियों का आकलन कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *