पौड़ी : अल्मोड़ा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-21 बालक आमंत्रण फुटबॉल प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल की टीम भी दमखम दिखाएगी। प्रतियोगिता में जनपद का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के गठन के लिए 26 नवंबर को कंडोलिया मैदान, पौड़ी में चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।
 
जिला खेल कार्यालय अल्मोड़ा की ओर से अनुसूचित जाति वर्ग के अंडर-21 बालक खिलाड़ियों के लिए यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 27 से 29 नवंबर तक हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम, अल्मोड़ा में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए पौड़ी गढ़वाल की टीम को आमंत्रित किया गया है। इच्छुक खिलाड़ी 26 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे कंडोलिया मैदान में चयन ट्रायल के लिए पहुंच सकते हैं।
 
जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को स्थायी निवास प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति तथा दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। चयन ट्रायल में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार का भत्ता देय नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *