📰 उत्पीड़न और धमकियों से परेशान महिला डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश
हरिद्वार, 10 सितम्बर। पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव के ही तीन युवकों पर गाली-गलौज, कपड़े फाड़ने तथा सामूहिक दुष्कर्म की धमकी देने सहित गंभीर आरोप लगाए हैं। लगातार उत्पीड़न से परेशान महिला ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर अपने दो बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति दिए जाने की गुहार लगाई है। ⚠️
महिला के ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस को मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। 👮♂️
प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए पीड़िता शबनम ने बताया कि गांव का ही महबूब पुत्र अहमद अली, जो स्वयं को यूट्यूबर बताता है, तथा उसके साथी अहसान और जावेद सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। शबनम के अनुसार, विरोध करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है। 📱
शबनम ने बताया कि उनके पति काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं और वह अपने दो बच्चों के साथ अकेली रहती हैं। 👩👧👦 उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे उत्पीड़न के कारण वह और उनके बच्चे भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं।
पीड़िता के मुताबिक, उन्होंने देहरादून स्थित जन कल्याण समिति के माध्यम से पुलिस को शिकायत पत्र भी दिया था, लेकिन उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। इस कारण वह मानसिक रूप से बेहद परेशान और टूट चुकी हैं। 😔
शबनम ने कहा कि पुलिस से न्याय नहीं मिलने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने पुलिस को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ⚖️
पीड़िता ने कहा कि यदि जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी पुलिस उन्हें न्याय दिलाने में असमर्थ रहती है तो उन्हें अपने बच्चों सहित इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए। 🙏
पत्रकार वार्ता के दौरान जन कल्याण समिति के मीडिया प्रभारी कुलदीप शर्मा भी मौजूद रहे।
