हरिद्वार। सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में रविवार, 15 नवंबर को बीएचईएल क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। भेल गुरु नानक दरबार गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इस नगर कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
नगर कीर्तन का शुभारंभ शिवालिक नगर स्थित गुरुद्वारे से हुआ। शोभायात्रा भेल सेक्टर-3, सेक्टर-4,सेक्टर-1 मस्जिद गली और शिवमूर्ति से होते हुए सेक्टर-2 स्थित गुरुद्वारे में पहुंचकर संपन्न हुई।
नगर कीर्तन में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की भव्य पालकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पालकी के आगे पांच प्यारों की अगुवाई में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ चल रहे थे। बैंड-बाजों की मधुर धुन, घोड़ों की सवारी और गतका दल के हैरतअंगेज करतबों ने शोभायात्रा की भव्यता को और बढ़ा दिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन का स्वागत किया और गुरु महाराज के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
हर वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से नगर कीर्तन का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी पूरे धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ नगर कीर्तन निकाला गया।कमेटी की ओर से बताया गया कि श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व आगामी 24 नवंबर को गुरुद्वारे में धूमधाम और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुरुवाणी, कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नगर कीर्तन के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी, सेवादार और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
