तकनीक, नवाचार और प्रबंधन का संगम बना इंटर-यूनिवर्सिटी टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट
हरिद्वार, 8 अक्टूबर 2026। COER विश्वविद्यालय में वार्षिक इंटर-यूनिवर्सिटी टेक्नो-मैनेजमेंट फेस्ट MANTHAN 2K26 का आज भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन COER के अध्यक्ष श्री जे.सी. जैन एवं COER विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अनूभा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
वर्ष 2005 से आयोजित हो रहा MANTHAN आज क्षेत्र के प्रमुख छात्र नवाचार मंचों में अपनी पहचान बना चुका है। पिछले वर्षों में इस आयोजन में 2,000 से अधिक प्रतिभागियों और 100 से अधिक कॉलेजों ने हिस्सा लिया है, जिनमें NIT जमशेदपुर, IIT रुड़की, VIT वेल्लोर और IIT कानपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल रहे हैं। इस वर्ष आयोजन में 3,000 से अधिक प्रतिभागियों और 8,000 से अधिक दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है।
आयोजन के पहले दिन युवा प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। दिन की शुरुआत ‘प्रयोग’ (Prayog) से हुई, जो कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित स्कूल-स्तरीय प्रोटोटाइप एवं नवाचार प्रतियोगिता है। इसमें ऋषिकेश और हरिद्वार क्षेत्र के 20 से अधिक विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने तकनीक एवं विज्ञान के क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास पर आधारित विभिन्न अभिनव परियोजनाएं प्रस्तुत कीं।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय परिसर में Strategem के अंतर्गत बिजनेस मैनेजमेंट एवं पिचिंग प्रतियोगिता, Animate-X में UI/UX एवं डिजाइन प्रतियोगिता तथा Ayunova के माध्यम से आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं नवाचार से जुड़े प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया गया।
MANTHAN 2K26 के आगामी चरणों में विद्यार्थियों के लिए कई रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें National Hackathon में 270 से अधिक टीमें, Gigabit कोडिंग प्रतियोगिता में 500 से अधिक टीमें तथा Kurukshetra ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में 200 से अधिक टीमों के प्रतिभाग करने की उम्मीद है।
आयोजन में आने वाले प्रतिभागियों एवं आगंतुकों के लिए विश्वविद्यालय परिसर का निर्देशित भ्रमण, प्रतियोगिता स्थलों और छात्र परियोजनाओं का प्रदर्शन भी रखा गया है। इस दौरान प्रतिभागियों को विश्वविद्यालय की कुलपति, मेंटर्स, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से संवाद करने का अवसर भी मिलेगा।
MANTHAN 2K26 के माध्यम से COER विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को तकनीक, नवाचार, उद्यमिता, डिजाइन, स्वास्थ्य एवं डिजिटल कौशल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के लिए एक व्यापक मंच प्रदान कर रहा है।
