हरिद्वार, 29 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार में एक गर्भवती महिलाको सरकारी महिला चिकित्सालय में उपचार नहीं मिलने के आरोप और उसके बाद सुभाष घाट पर खुले आसमान के नीचे बच्ची को जन्म देने की घटना ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर सामने आए इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली, अस्पतालों में मरीजों के प्रति जिम्मेदारी और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
हरिद्वार देशभर से श्रद्धालुओं और यात्रियों के पहुंचने वाला प्रमुख धार्मिक शहर है। यहां स्थानीय नागरिकों के साथ रोजाना बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से भी लोग आते हैं। ऐसे में किसी महिला को प्रसव पीड़ा होने पर सरकारी अस्पताल में तत्काल चिकित्सा सहायता मिलना बेहद जरूरी है। लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आई घटना में महिला को अस्पताल में भर्ती अथवा समुचित उपचार नहीं मिलने के आरोप ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। यदि अस्पताल पहुंचने वाली गर्भवती महिला को समय पर उपचार नहीं मिलता और उसे खुले स्थान पर प्रसव की पीड़ा सहनी पड़ती है, तो यह स्वास्थ्य सेवाओं की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी पर बड़ा सवाल है
सरकार मातृ स्वास्थ्य, सुरक्षित प्रसव और महिलाओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। सरकारी अस्पतालों में प्रसव सेवाओं को बेहतर बनाने, गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में यदि किसी महिला को अस्पताल में उपचार से वंचित होना पड़ता है, तो योजनाओं के क्रियान्वयन और अस्पतालों में तैनात जिम्मेदार कर्मचारियों की भूमिका की गंभीरता से समीक्षा होना जरूरी है।
घटना का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि उनके स्तर से भी प्रकरण की जांच की जा रही है। प्रमुख अधीक्षक, एच.एम.जी. जिला चिकित्सालय की ओर से नोवस पैथोलॉजीज प्रा. लि. (NPPL) के निदेशक को ईमेल भेजकर आंतरिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। प्रकरण की प्रारंभिक जानकारी तत्काल तथा विस्तृत जांच रिपोर्ट 48 घंटे के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि महिला अथवा उसके परिजनों ने चैन राय महिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग में संपर्क किया था या नहीं। यदि संपर्क किया गया था तो उस समय ड्यूटी पर कौन-कौन से कर्मचारी मौजूद थे, महिला को क्या सहायता दी गई, उपचार में देरी क्यों हुई, भर्ती नहीं किए जाने अथवा अन्यत्र रेफर किए जाने की क्या परिस्थितियां थीं, इन सभी तथ्यों की जांच की जाएगी। संबंधित अस्पताल के रजिस्टर, ड्यूटी रोस्टर और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सवाल सिर्फ जांच का नहीं, जिम्मेदारी तय करने का भी है। यदि जांच में यह सामने आता है कि किसी चिकित्सक, कर्मचारी अथवा जिम्मेदार अधिकारी ने अपनी ड्यूटी में लापरवाही बरती और गर्भवती महिला को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध नहीं कराई, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। केवल जांच कर रिपोर्ट तैयार करने से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं रुकेगी, बल्कि जवाबदेही तय होने और कार्रवाई होने से ही सरकारी अस्पतालों में मरीजों के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत होगा।
सरकारी अस्पतालों में आने वाला प्रत्येक मरीज सम्मान और उपचार का हकदार है। विशेषकर गर्भवती महिला की स्थिति में समय पर चिकित्सकीय सहायता देना अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। हरिद्वार जैसे शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि किसी महिला को प्रसव के दौरान असहाय होकर सड़क, घाट अथवा किसी सार्वजनिक स्थान पर बच्चे को जन्म देने जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा चूक पाई जाती है तो संबंधित की जिम्मेदारी निर्धारित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अब निगाहें जांच रिपोर्ट पर हैं कि इस प्रकरण में वास्तविक स्थिति क्या सामने आती है और जिम्मेदार पाए जाने वालों पर प्रशासन किस प्रकार की कार्रवाई करता है।
जनता को उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष होगी, पीड़ित महिला को न्याय मिलेगा और सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐसी कमियों को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
