गोपेश्वर (चमोली)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल ने सेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सजवाण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गोपेश्वर स्थित राजकीय वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया।
इस दौरान बुजुर्गों को मिष्ठान वितरित किया गया तथा आश्रम के उपयोग के लिए इलेक्ट्रिक कैटल भेंट की गई। सजवाण ने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक है, जब समाज के हर वर्ग तक सम्मान, अपनापन और सुविधाएं पहुंचें। बुजुर्गों के बीच स्वतंत्रता दिवस मनाना गर्व की बात है।
इसके बाद यूकेडी कार्यकर्ता राजकीय आश्रम पद्धति पहुंचे और वहां अध्ययनरत विद्यार्थियों से मुलाकात की। बच्चों को मिष्ठान वितरित करने के साथ आवश्यक राशन भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम, आजादी के महत्व और देश के प्रति जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।
सजवाण ने कहा कि देश की आजादी अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी है। आज के बच्चे देश और उत्तराखंड का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का अवसर देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ा है और सेवा, सम्मान तथा जनहित से जुड़े कार्य आगे भी जारी रखे जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, दशोली ब्लॉक अध्यक्ष एवं युवा प्रकोष्ठ से सौरभ बिष्ट सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
