उत्तराखंड के धर्मनगरी हरिद्वार में वाहन चालकों के बीच VIP और फैंसी नंबरों को लेकर दीवानगी इस कदर बढ़ गई है कि लोग अपनी गाड़ियों से ज़्यादा उनके नंबरों पर पैसा पानी की तरह बहा रहे हैं। परिवहन विभाग की नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला ‘UK08 BM’ शुरू होते ही ऑनलाइन ई-नीलामी में नंबरों को हथियाने की ऐसी होड़ मची कि विभाग खुद हैरान रह गया।
हाल ही में समाप्त हुई नीलामी में ‘UK08 BM 0009’ नंबर सबसे महँगा बिका, जिसकी अंतिम बोली ₹5,40,000 (5.40 लाख रुपये) लगी। चौंकाने वाली बात यह है कि इस एक नंबर की कीमत में बाजार में एक नई एंट्री-लेवल कार या कई शानदार बाइक्स आ सकती हैं।
किस नंबर पर लगी कितनी बोली?
लाखों रुपये में बिकने वाले नंबरों की फेहरिस्त काफी लंबी है:
UK08 BM 0009: ₹5,40,000 (सबसे महँगा नंबर)
UK08 BM 0001: ₹4,91,000
UK08 BM 0007: ₹3,88,000
UK08 BM 0008: ₹1,73,000
UK08 BM 0002: ₹1,41,000
UK08 BM 9000: ₹91,000
इसके अलावा 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099 और 0999 जैसे नंबरों के लिए भी लोगों ने बढ़-चढ़कर जेब ढीली की।
विभाग गदगद: पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी खजाने में भारी मुनाफा
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), हरिद्वार, श्री निखिल शर्मा ने बताया कि नई सीरीज शुरू होते ही नागरिकों ने VIP नंबरों के प्रति जबरदस्त रुझान दिखाया। उन्होंने कहा, “परिवहन विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और पारदर्शी है। फैंसी नंबरों से मिलने वाला यह राजस्व राज्य सरकार की आय का एक बड़ा स्रोत है और आगे भी यह प्रक्रिया इसी तरह जारी रहेगी।”
’गाड़ी से महँगा नंबर’: जनता में चर्चा का विषय
परिवहन विभाग द्वारा जारी इस आंकड़े के बाद आम जनता के बीच भी यह चर्चा का विषय बन गया है। जहाँ एक आम आदमी सालों बचत करके एक गाड़ी खरीद पाता है, वहीं शौकीन लोग महज अपनी पसंद और रुतबे के लिए गाड़ी की कीमत के बराबर पैसा सिर्फ एक नंबर प्लेट पर खर्च कर रहे हैं।
