-उक्रांद ने मामले में भाजपा पर किया सीधा वार

गोपेश्वर (चमोली)। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा संगठन के पदाधिकारियों का नाम सामने आने के बाद भी कोई कार्रवाई न होने के विरोध में उक्रांद कार्यकताओं ने शनिवार को पीपलकोटी में विरोध प्रदर्शन किया। उक्रांद के जिलाध्यक्ष युद्धवीर सिंह नेगी ने आरोप लगाते हुए कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी के तौर पर भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बावजूद किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की जा रही है। इससे जनता में भारी आक्रोश पनपता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और पुलिस दोषियों को बचाने का भरसक प्रयास कर रही है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

उक्रांद जिला युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अंशुमान बिष्ट ने कहा कि यदि जल्द ही मामले में कोई ठोस पहल नहीं होती है तो उक्रांद इस मुद्दे को पूरे प्रदेश में उठाएगा और जनता के बीच जाकर महिला सुरक्षा से जुड़े सवालों पर जनजागरण करेगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में महिला विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता से एकजुट होकर विरोध करने की अपील की।

इस दौरान जिला कार्यकारिणी के अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, पीपलकोटी नगर अध्यक्ष सुदर्शन नेगी, दशोली के युवा प्रभारी सूरज नेगी, भरत सिंह कुंवर, विपुल, नरेंद्र, रघुवीर राणा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *