• गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, जोशीमठ समेत पांच स्थानों के विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों पर कार्रवाई

गोपेश्वर (चमोली)। छात्र महासंघ चुनाव में संगठन के निर्देशों के खिलाफ काम करने के आरोप में एनएसयूआई ने अपने पांच अधिकृत प्रत्याशियों को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इनमें गोपेश्वर, कर्णप्रयाग, जोशीमठ, नारायणबगड़ और नंदानगर-घाट से विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के प्रत्याशी शामिल हैं। एनएसयूआई उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी ने सभी के निष्कासन के आदेश जारी किए हैं।

संगठन की ओर से जारी आदेश के अनुसार छात्र महासंघ चुनाव के दौरान इन प्रत्याशियों के संगठन के निर्देशों के विपरीत गतिविधियों में शामिल होने और एबीवीपी के पक्ष में मतदान करवाने संबंधी गंभीर शिकायतें और तथ्य संगठन के संज्ञान में आए। इसे संगठन की विचारधारा, अनुशासन और निर्देशों के खिलाफ मानते हुए कार्रवाई की गई।

निष्कासित किए गए प्रत्याशियों में गोपेश्वर से ललित सिंह, कर्णप्रयाग से विशाल सिंह, जोशीमठ से सुमित सिंह, नारायणबगड़ से गौरव कुमार और नंदानगर-घाट से अजय सिंह शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखने के लिए सभी को एनएसयूआई की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित किया जाता है।

छात्र महासंघ चुनाव के दौरान एक के बाद एक पदाधिकारियों और प्रत्याशियों पर हुई कार्रवाई से चमोली की छात्र राजनीति में मामला चर्चा में है। इससे पहले एनएसयूआई चमोली के जिलाध्यक्ष विपिन फरसवान को भी संगठन के निर्देशों के विपरीत गतिविधियों के आरोप में पद से निष्कासित किया जा चुका है।

हालांकि निष्कासन आदेश में शिकायतों और संगठन के संज्ञान में आए तथ्यों का उल्लेख किया गया है, लेकिन इनके संबंध में अलग से विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *