पौड़ी : पौड़ी गढ़वाल जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पौड़ी पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में 20 सितंबर को विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 135 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों के वाहनों को सीज किया गया। इनमें कोटद्वार क्षेत्र के 5 और लक्ष्मणझूला क्षेत्र का 1 चालक शामिल है। पुलिस ने संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी शुरू की है।

इसके अलावा पुलिस ने तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने वाले 15 चालकों, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 49 चालकों, मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वाले 1 चालक और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वाले 3 चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की।

पौड़ी पुलिस ने बताया कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाने और खतरनाक ड्राइविंग जैसे मामलों में विशेष रूप से सख्ती बरती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *