देवप्रयाग/पौड़ी। देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के समीप शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत की सूचना है, जबकि एक घायल बच्चे को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना के बाद मौके पर राहत और बचाव अभियान जारी है।

जानकारी के अनुसार, कार में करीब छह से सात लोग सवार बताए जा रहे हैं। कुंडाधार के पास पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए। खाई में उतरकर वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया। एक घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है।

रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। हादसे में मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 
 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *