रुद्रप्रयाग : जनपद रुद्रप्रयाग में स्थित द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट आज विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न हुए। भगवान मद्महेश्वर के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया।
 
कपाट बंद होने के पश्चात भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज, 16 नवम्बर को भगवान की उत्सव डोली मद्महेश्वर धाम से प्रस्थान कर गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके पश्चात 17 नवम्बर को डोली गौण्डार से प्रस्थान कर राकेश्वरी मंदिर रांसी पहुंचेगी। 18 नवम्बर को रांसी से प्रस्थान कर डोली गिरिया गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि प्रवास होगा। इसके बाद 19 नवम्बर को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गिरिया गांव से प्रस्थान कर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।
 
भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली के श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचने पर धार्मिक परम्पराओं के अनुसार स्वागत एवं पूजा-अर्चना सम्पन्न की जाएगी। इसके पश्चात आगामी शीतकाल में भगवान मद्महेश्वर की पूजा-अर्चना शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में ही सम्पन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान यहीं पहुंचकर भगवान के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *