पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने पत्रकारों से निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता पर जोर दिया*

*डिजिटल एवं एआई के दौर में खबरों की सत्यता, प्राथमिकता और जनहित को सर्वोपरि रखने पर दिया जोर*राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला सूचना कार्यालय हरिद्वार की ओर से प्रेस क्लब सभागार हरिद्वार में ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का शुभारंभ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की विश्वसनीयता, सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव तथा पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने अपने विचार साझा करते हुए जिम्मेदार, निष्पक्ष एवं तथ्यपरक पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी प्रेस प्रतिनिधियों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के स्वरूप, कार्यशैली और माध्यमों में व्यापक बदलाव आया है। आज हम डिजिटल युग में हैं,जहां सोशल मीडिया और विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सूचनाएं बेहद तेजी से आमजन तक पहुंच रही हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते उपयोग ने भी समाचारों के संकलन, निर्माण और प्रसारण के तरीकों को नई दिशा दी है। ऐसे बदलते दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।
उन्होंने कहा कि समाचारों की प्राथमिकता केवल उनकी लोकप्रियता, तेजी या सनसनीखेज प्रस्तुति के आधार पर तय नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह देखा जाना चाहिए कि संबंधित खबर जनहित में कितनी महत्वपूर्ण है और उसका समाज पर क्या प्रभाव पड़ेगा। पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर को सबसे पहले प्रसारित करना नहीं, बल्कि सही, प्रमाणिक और तथ्यपरक जानकारी समाज तक पहुंचाना होना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि किसी भी समाचार को प्रकाशित अथवा प्रसारित करने से पहले उसके तथ्यों एवं स्रोतों की भली-भांति पुष्टि अवश्य करें। अपुष्ट, भ्रामक एवं सनसनीखेज खबरों से बचें तथा एआई और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित होने वाली सूचनाओं एवं तस्वीरों की भी सत्यता की जांच करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में एक गलत या भ्रामक सूचना भी तेजी से फैलकर समाज में भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर सकती है। इसलिए प्रत्येक पत्रकार की जिम्मेदारी है कि वह सूचना के प्रसारण में पूरी सावधानी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बरते। पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और शासन-प्रशासन तथा आमजन के बीच संवाद का एक सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जनपद में पत्रकारों का हमेशा सकारात्मक योगदान रहा है। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा गोष्ठी में रखे गए विचारों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पत्रकारिता के मूल सिद्धांत सत्य, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनहित हैं, जिन्हें हर परिस्थिति में बनाए रखना आवश्यक है। आगामी चुनावों को देखते हुए उन्होंने सभी पत्रकारों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सत्यनिष्ठा, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ करने की अपील की।
इस अवसर पर गोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार विजेंद्र हर्ष, सुनील दत्त पांडे,आदेश त्यागी, रजनीकांत शुक्ला,राजकुमार एवं गुलशन नैयर ने पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता के तौर-तरीकों में बदलाव आया है, लेकिन सत्य, निष्पक्षता और जनहित आज भी पत्रकारिता के मूल सिद्धांत हैं। उन्होंने पीत पत्रकारिता और सनसनीखेज खबरों के बढ़ते चलन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों को किसी भी समाचार के प्रकाशन एवं प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि अवश्य करनी चाहिए, ताकि मीडिया की विश्वसनीयता बनी रहे और समाज तक सही जानकारी पहुंचे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्रेस क्लब अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने किया। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह ने जिलाधिकारी सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित प्रेस प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय प्रेस दिवस के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महामंत्री प्रेस क्लब सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार श्रवण कुमार झा,बालकृष्ण शास्त्री,दीपक नौटियाल,अश्विनी अरोड़ा, काशीराम सैनी,हिमांशु द्विवेदी, श्रीमती सुदेश आर्य,प्रतिभा वर्मा, कुमकुम शर्मा,नीलम सैनी,संजय रावल,सतीश गुजराल सहित विभिन्न समाचार पत्रों एवं चैनलों के संपादक तथा प्रेस प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *