• मातावाला बाग के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की एक्टिवा की बरामद, 48 घंटे में किया घटना का खुलासा

देहरादून। कोतवाली नगर पुलिस ने स्कूटी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए स्कूटी चोरी करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को मनोज कुमार पुत्र जगदीश लाल निवासी 78, नेशनल रोड, प्रेमसुख धाम के निकट, देहरादून ने अपनी एक्टिवा स्कूटी संख्या UK08AD-4762 चोरी होने की शिकायत कोतवाली नगर में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 412/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने कोतवाली नगर पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

मुखबिर की सूचना पर दबोचे गए आरोपी

पुलिस की कार्रवाई के दौरान 13 नवंबर को मातावाला बाग के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर दो संदिग्धों को चोरी की गई एक्टिवा के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान अभिषेक नेगी उर्फ विक्की और विक्की पासवान के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने स्कूटी चोरी की थी।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  1. अभिषेक नेगी उर्फ विक्की (28), पुत्र भजन सिंह नेगी, निवासी ग्राम ओजली, पट्टी खाण्ड्यूसैण, थाना पौड़ी, जिला पौड़ी गढ़वाल; वर्तमान पता पीर वाली सड़क के पास, खुड़बुड़ा मोहल्ला, देहरादून।

  2. विक्की पासवान (22), पुत्र दिनेश पासवान, निवासी 15, रेस्ट कैंप, मद्रासी कॉलोनी, कोतवाली नगर, देहरादून।

बरामदगी: चोरी की गई सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी संख्या UK08AD-4762।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

  • उपनिरीक्षक कुशाल सिंह रावत

  • अपर उपनिरीक्षक मयंक ममगाईं

  • कांस्टेबल मुकेश चंद

  • कांस्टेबल मोनू कुमार

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *