कोटद्वार : जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशों के क्रम में कोटद्वार क्षेत्रांतर्गत राजकीय भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित कर नियमानुसार हटाने की कार्रवाई को गति देने के उद्देश्य से कोटद्वार तहसील में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व विभाग, सिंचाई विभाग, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) धुमाकोट, जल संस्थान तथा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक में एसडीएम संदीप कुमार ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अभियान चलाकर अपने-अपने विभाग के अधीन आने वाली भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित करते हुए आगामी 10 दिनों के भीतर हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक में निर्देश दिए गए कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान यदि प्रशासनिक अथवा पुलिस बल की आवश्यकता हो तो समय रहते इसकी सूचना उपलब्ध करायी जाए, ताकि कार्रवाई प्रभावी ढंग से संपादित की जा सके।

बैठक में उपजिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि किसी भी विभाग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की सूचना प्राप्त होने पर संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित विभाग स्वयं उत्तरदायी होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *